क्विज प्रतियोगिता में प्रेरणा उपाध्याय ने मारी बाजी, 200 विद्यार्थियों ने लिया प्रतिभाग
विज्ञान और नई तकनीक के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक, पपेट शो के जरिए पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/ संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर मे आज विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में जिला विज्ञान क्लब सुलतानपुर की ओर से शुक्रवार को स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन विषय पर वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। महुअरिया स्थित सेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के साथ ही विज्ञान एवं नई तकनीक के महत्व की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं चिकित्सक डॉ. डीएस मिश्रा, सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव, जिला समन्वयक समग्र शिक्षा माध्यमिक अखिलेश पांडेय और आनंद मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि डॉ. डीएस मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन के आपसी संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पर्यावरण को सुरक्षित रखने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। सह जिला विद्यालय निरीक्षक जटाशंकर यादव ने विद्यार्थियों को नवाचार और आधुनिक तकनीक के प्रति जागरूक एवं सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विज्ञान पोस्टर और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। पोस्टर प्रतियोगिता में केश कुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सुलतानपुर की कविता निषाद ने प्रथम, सेमफोर्ड फ्यूचरिस्टिक स्कूल की नवेरा खान ने द्वितीय तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भदैया की दीपिका विजय यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में केएनआईसी करौंदिया की प्रेरणा उपाध्याय प्रथम, जीआईसी सुलतानपुर के अश्वनी यादव द्वितीय तथा जीआईसी महाराजगंज के राम पाठक तृतीय स्थान पर रहे।
जिला समन्वयक शैलेंद्र चतुर्वेदी ने वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम की उपयोगिता बताते हुए कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी एक-दूसरे के पूरक हैं। इनके माध्यम से समाज और देश के विकास को नई दिशा मिलती है। लखनऊ से आए नारायण पपेट ग्रुप ने कठपुतली शो के माध्यम से स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अजय कुमार तिवारी ने अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का अवसर मिलता है। इस मौके पर चारुल गुप्ता, डॉ. पंकज सिंह, अच्छे लाल, सुनील यादव, सुमन यादव, प्रिया त्रिपाठी, साधना त्रिपाठी, इंदु मौर्य, कविता पांडेय और सुमन मौर्य सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं मौजूद रहे।




