नीतीश कुमार को भारत रत्न से सम्मानित करने की उठाई मांग, बिहार सरकार को दी बधाई
डेहरी ऑन सोन, रोहतास/Etv News 24
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के रोहतास जिला प्रवक्ता एवं वरीय अधिवक्ता बैरिस्टर सिंह ने गंगा नदी पर निर्मित कच्ची दरगाह–राघोपुर–बिदुपुर सिक्सलेन पुल का नामकरण नीतीश सेतु किए जाने के निर्णय पर बिहार सरकार को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि नीतीश सेतु केवल एक पुल का नाम नहीं, बल्कि बिहार के विकास, सामाजिक न्याय और बिहारियों के सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने अपने 20 वर्षों के कार्यकाल में बिहार की तस्वीर बदलने का ऐतिहासिक काम किया है। उन्होंने बिहार को पिछड़ेपन और बदहाली से निकालकर विकास की नई राह दिखाई तथा सामाजिक न्याय, सुशासन और आधारभूत संरचना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
बैरिस्टर सिंह ने कहा कि गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह–राघोपुर–बिदुपुर सिक्सलेन पुल का नाम नीतीश सेतु रखा जाना उनके विकास कार्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इस पुल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसे दूरदर्शी और अनुभवी राजनेता को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए। उन्होंने राजनीति में त्याग, सुचिता, धैर्य और लोकतांत्रिक परंपराओं का उदाहरण प्रस्तुत किया है। सत्ता की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपना भी उनकी राजनीतिक परिपक्वता और उदारता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जैसा व्यक्तित्व मिलना मुश्किल है। उनके कार्यों से बिहारियों का सम्मान देशभर में बढ़ा है।
उन्होंने बताया कि पूरे बिहार में नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में रोहतास जिले में जदयू जिलाध्यक्ष बिंदा चंद्रवंशी के नेतृत्व में नीतीश संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह सहित जनप्रतिनिधियों और जदयू कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से यह कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है।
बैरिस्टर सिंह ने बताया कि आगामी 24 नवंबर 2026 को भी बिहार के सभी जिलों में नीतीश संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसकी सूचना पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को दी जाएगी।




