पूर्व विधायक के आवास पर पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस, दी श्रद्धांजलि
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)Etv News 24
पूर्व विधायक स्वर्गीय श्याम बिहारी राम के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक ललन पासवान उनके आवास पर पहुंचे। उन्होंने स्व. श्याम बिहारी राम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान ललन पासवान ने कहा कि स्वर्गीय श्याम बिहारी राम एक कर्मठ, जुझारू और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले नेता थे। उनका अचानक निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। बहुजन समाज पार्टी से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर उन्होंने कम समय में विधायक बनने तक का सफर तय किया था। समाज के प्रति उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय श्याम बिहारी राम उनके सहयोगी भी रहे थे। राजनीतिक जीवन में दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था, लेकिन व्यक्तिगत संबंध हमेशा बेहतर रहे। आज उनके निधन की खबर से वे काफी मर्माहत हैं। इसी दुख की घड़ी में उनके परिजनों से मिलने और श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।




