अब सौरभ यादव भी नहीं रहे
किडनी की बीमारी के उपचार के दौरान निधन, मां और इकलौती बहन पर टूटा दुखों का पहाड़
पिता के बाद बेटे की असमय मौत से परिवार में मातम, शिक्षक समाज ने जताया शोक
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद सुल्तानपुर के विकासखंड अखण्डनगर के कम्पोजिट विद्यालय बेलवाई माधोपुर में अनुचर के पद पर कार्यरत सौरभ यादव का सोमवार, 19 अक्टूबर 2026 की शाम उपचार के दौरान निधन हो गया। वह किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। उपचार के दौरान अचानक हृदयगति रुकने से उनकी मौत हो गई। उनके असामयिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शिक्षक समाज सहित परिचितों और क्षेत्रीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया।

सौरभ यादव स्वर्गीय जयप्रकाश यादव के पुत्र थे। उनका पैतृक गांव हमीरपुर, पोस्ट खंडौरा, थाना पवई, जनपद आजमगढ़ था। उनके पिता जयप्रकाश यादव अखण्डनगर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय डोमापुर में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत थे।

सेवाकाल के दौरान पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभालने के लिए सौरभ को 26 जुलाई 2023 को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। इसके बाद से वह कम्पोजिट विद्यालय बेलवाई माधोपुर में अनुचर के पद पर सेवाएं दे रहे थे।
पिता के बाद बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सौरभ के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पहले पिता को खोने और अब बेटे की असमय मृत्यु ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मां और इकलौती बहन के लिए यह अपूरणीय क्षति है। परिवार के इस दुखद समय में क्षेत्रीय लोगों और शिक्षक समाज ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
निधन की सूचना मिलने के बाद शोक व्यक्त करने के लिए परिचितों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया।
मंगलवार, 20 अक्टूबर की सुबह घर के पास नदी किनारे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा में शामिल लोगों ने नम आंखों से सौरभ को अंतिम विदाई दी।शोकाकुल लोगों ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।




