कादीपुर में भगवान चित्रगुप्त पूजनोत्सव, सामूहिक कलम पूजन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
कायस्थ कुलभूषण डॉ. गुरुदीन लाल श्रीवास्तव स्मृति सम्मान से समाजसेवियों और विशिष्ट जनों को किया गया सम्मानित
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कादीपुर क्षेत्र के रानीपुर कायस्थ स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर परिसर में भगवान चित्रगुप्त पूजनोत्सव, सामूहिक कलम पूजन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ राष्ट्र निर्माण में कायस्थ समाज की भूमिका पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोगों सहित विभिन्न वर्गों के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान चित्रगुप्त जी महाराज के भव्य श्रृंगार एवं विधि-विधान से पूजन के साथ हुआ। इसके बाद सामूहिक कलम पूजन किया गया। प्रातः 10 बजे हवन एवं पूर्णाहुति के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। अपराह्न 12:30 बजे से ‘राष्ट्र के विकास में कायस्थों की भूमिका’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित हुई।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि श्री चित्रगुप्त पीठ, वृंदावन-मथुरा के पीठाधीश्वर एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि आंदोलन समिति के संयोजक डॉ. स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने कहा कि कायस्थ समाज ऐसा समाज है, जो केवल अपने हितों के बारे में नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज के कल्याण के लिए सोचता है। इतिहास गवाह है कि देश की उन्नति और प्रगति में कायस्थ समाज ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
विशिष्ट अतिथि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त जी महाराज कलम के देवता हैं और कलम के माध्यम से आजीविका चलाने वाले लोगों के आराध्य हैं। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, कर्मचारियों, व्यापारियों और सर्वसमाज की भागीदारी भगवान चित्रगुप्त जी के प्रति लोगों की गहरी आस्था और समर्पण को दर्शाती है।
इस अवसर पर कायस्थ कुलभूषण स्मृतिशेष डॉ. गुरुदीन लाल श्रीवास्तव की स्मृति में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें सामाजिक एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सुरेंद्र मिश्रा, सूर्य प्रकाश तिवारी, इंजीनियर मुकेश श्रीवास्तव, श्वेता श्रीवास्तव, रमेश विश्वकर्मा, डॉ. राजीव श्रीवास्तव, लखनऊ के पत्रकार राजेश मिश्रा तथा वरिष्ठ नागरिक अच्छेलाल श्रीवास्तव सहित करीब एक दर्जन विशिष्ट लोगों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि अवर खंड सिविल जज अंकित सिन्हा, विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह, कादीपुर विधायक राजेश गौतम, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव, नवभारत के ब्यूरो चीफ एवं पत्रकार राजेश मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष कादीपुर आनंद जायसवाल तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
इस मौके पर प्रधान प्रतिनिधि अंकित श्रीवास्तव ‘आंसू’, संरक्षक शिवकुमार श्रीवास्तव, डॉ. सीएल श्रीवास्तव, माता प्रसाद श्रीवास्तव, अध्यक्ष डॉ. मंगला प्रसाद श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष शिवब्रत लाल श्रीवास्तव, बृजेश श्रीवास्तव, महामंत्री संदीप श्रीवास्तव, प्रबंधक रविप्रकाश श्रीवास्तव, फतेहबहादुर सिंह, बार एसोसिएशन कादीपुर के अध्यक्ष अशोक पांडेय, सचिव विकास सिंह, निष्ठा श्रीवास्तव सहित सैकड़ों लोग एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




