2027 विधानसभा चुनाव में सपा से टिकट मिलने पर चुनाव लड़ने का किया ऐलान, अधिवक्ता समाज और पार्टी कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
संगठन में अधिवक्ताओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ सामाजिक और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
समाजवादी पार्टी अधिवक्ता प्रदेश सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता कुलदीप दुबे के पहली बार गृह जनपद सुल्तानपुर पहुंचने पर समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। 190 लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र के लम्भुआ, दोमुंहा, चांदा, कोथरा और शाहपुर समेत विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ उनका अभिनंदन किया। जगह-जगह हुए स्वागत कार्यक्रमों में अधिवक्ता समाज और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक रहा।
प्रदेश स्तर पर संगठन में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद कुलदीप दुबे के क्षेत्र में आगमन को समर्थकों ने राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना स्वागत के दौरान अधिवक्ताओं की संगठन में भागीदारी, सामाजिक न्याय, आमजन को न्याय दिलाने और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में अधिवक्ता सभा को प्रदेश स्तर पर नई मजबूती मिलेगी।
इस दौरान वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। चुनाव लड़ने के सवाल पर अधिवक्ता कुलदीप दुबे ने स्पष्ट कहा कि यदि समाजवादी पार्टी उन्हें टिकट देती है तो वह विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उनके इस बयान के बाद लम्भुआ विधानसभा क्षेत्र की सियासी चर्चाओं को नई दिशा मिल गई है। समर्थकों के बीच उनके संभावित चुनावी मैदान में उतरने को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
कुलदीप दुबे ने नई जिम्मेदारी के लिए पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और अधिवक्ता समाज की आवाज को प्रभावी ढंग से उठाने की प्रतिबद्धता भी जताई।
स्वागत कार्यक्रम में भजन यादव, महेंद्र यादव, प्रदीप दुबे, हरीलाल यादव उर्फ काका, मुन्ना यादव, राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिवक्ता और समर्थक मौजूद रहे। लम्भुआ से चांदा तक हुए स्वागत ने न केवल संगठनात्मक उत्साह को प्रदर्शित किया, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों को भी चर्चा में ला दिया।




