राहुल गांधी के सामने इटली के नेता ने लगाया ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा
भाजपा ने कांग्रेस पर साधा निशाना भाजपा ने विदेशी हस्तक्षेप और देश की छवि खराब करने का लगाया आरोप, संजय राउत ने किया कांग्रेस का बचाव
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ/हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के ‘भारत समिट 2026’ में दिए गए एक बयान को लेकर देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। सम्मेलन के दौरान यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी के महासचिव और इटली के राजनेता जियाकोमो फिलिबेक ने मंच से ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया। इस दौरान मंच पर मौजूद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मुस्कुराते हुए ताली बजाते नजर आए। उनके इस अंदाज को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
विदेशी नेता ने मंच से बुलंद किया नारा
जानकारी के अनुसार, भारत समिट में संबोधन के दौरान जियाकोमो फिलिबेक ने भारत में लोकतंत्र की रक्षा के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़े होने की बात कही। इसी क्रम में उन्होंने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी मार्च का उल्लेख करते हुए हिंदी और अंग्रेजी में ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाया। राहुल गांधी की ओर से मुस्कुराकर ताली बजाने का वीडियो सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, विदेशी हस्तक्षेप का उठाया सवाल
इस घटनाक्रम पर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी को निशाने पर लिया।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई नेताओं ने सवाल उठाया कि भारत के आंतरिक लोकतांत्रिक और राजनीतिक मामलों पर किसी विदेशी नेता की टिप्पणी का राहुल गांधी ने तालियों के साथ स्वागत क्यों किया? भाजपा ने इसे देश के आंतरिक मामलों में विदेशी हस्तक्षेप को बढ़ावा देने और भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला कदम बताया। तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष बंदी संजय कुमार ने सम्मेलन को ‘एंटी-भारत समिट’ करार देते हुए राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की।
संजय राउत ने किया बचाव, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
वहीं, विपक्ष की ओर से कांग्रेस के समर्थन में भी आवाज उठी है। शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय राउत ने कहा कि जब प्रधानमंत्री विदेशों में जाकर भारत की आंतरिक राजनीति पर अपनी बात रखते हैं, तो भारत आए विदेशी मेहमानों को भी लोकतांत्रिक मूल्यों पर विचार रखने का अधिकार है। फिलहाल, समिट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। राहुल गांधी की प्रतिक्रिया और विदेशी नेता के नारे को लेकर भाजपा-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। यह विवाद आगामी राजनीतिक माहौल में भी चर्चा का विषय बन सकता है।




