नाबालिग से दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद मची हलचल
शासन-प्रशासन को लेकर कथित बयान से बढ़ा विवाद
पीड़िता को न्याय और सुरक्षा दिलाने की मांग, निष्पक्ष जांच से सामने आएगी आरोपों की सच्चाई
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
नाबालिग से दुष्कर्म के गंभीर आरोप में भाजपा से जुड़े नेता हरिओम अग्रहरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने से क्षेत्र में हलचल मच गई है। मामले में आरोपी पर राजनीतिक रसूख का हवाला देकर पीड़िता को डराने और शिकायत न करने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा कि शासन-प्रशासन उसके इशारे पर चलता है, वह सबको खरीद सकता है और उसकी शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है।
मामले में लगाए गए आरोपों ने राजनीतिक प्रभाव और कानून के राज को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि पीड़िता की आवाज दबाने के लिए प्रभाव और पहुंच का भय दिखाया गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण इसकी संवेदनशीलता और बढ़ जाती है।
ऐसे में पीड़िता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखना और उसे आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है। अब पुलिस की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। निष्पक्ष जांच और साक्ष्यों के आधार पर होने वाली कार्रवाई से ही मामले की वास्तविकता सामने आएगी। कानून की नजर में कोई भी व्यक्ति अपने राजनीतिक पद, दल या प्रभाव के कारण कानून से ऊपर नहीं हो सकता।




