मानकमऊ घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात, ड्रोन कैमरों से हुई निगरानी; यातायात व्यवस्था के लिए भारी वाहनों पर रोक
सहारनपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सहारनपुर छठ महापर्व के अवसर पर रविवार को सहारनपुर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी नहर स्थित मानकमऊ घाट पर संध्या अर्घ्य देने के लिए व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ व्रती महिलाओं ने नहर के पानी में उतरकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की।
इस दौरान पूरे घाट पर छठी मइया की भक्ति का रंग दिखाई दिया। पारंपरिक छठ गीतों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। महिलाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए बड़ी नहर की ओर जाने वाले भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई। प्रशासनिक सतर्कता और श्रद्धालुओं की आस्था के बीच छठ महापर्व का संध्या अर्घ्य श्रद्धा एवं उल्लास के साथ संपन्न हुआ।




