विधायक ने डीएम के साथ की बैठक
दुकानों के मुआवजे पर भी मंथन
प्रभावितों की समस्याओं के नियमानुसार समाधान का आश्वासन
अयोध्या उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की जद में आए प्रभावित परिवारों के मुआवजे को लेकर बुधवार को विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के साथ बैठक की। प्रशासनिक अधिकारियों और प्रभावित पक्ष की मौजूदगी में हुई वार्ता में मुआवजे को लेकर सहमति बनी। इसके बाद संबंधित प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।बैठक में मार्ग चौड़ीकरण से प्रभावित लोगों की अन्य समस्याओं पर भी चर्चा हुई। मार्ग के किनारे स्थित दुकानों और उनके मुआवजे का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस संबंध में प्रशासन और प्रभावित पक्ष के बीच देर शाम तक वार्ता जारी रही। अधिकारियों की ओर से मामले का नियमानुसार समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रभावित लोगों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग का विकास अयोध्या की आवश्यकताओं से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। विकास कार्य के साथ प्रभावित परिवारों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रभावितों के मुआवजे को लेकर प्रशासन के साथ वार्ता में सहमति बनी है। दुकानों से जुड़े मामलों पर भी बातचीत जारी है।भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर प्रशासन से लगातार संवाद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है और मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आनी चाहिए।मंडल अध्यक्ष हेमंत जायसवाल ने कहा कि चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग से जुड़े मामले में लखनऊ जाकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने वालों में अधिकांश किराएदार हैं। उन्होंने प्रभावितों से जुड़े मामलों के समाधान के लिए चल रही प्रक्रिया की जानकारी दी।बैठक में प्रभावित लोगों के अलावा प्रशासनिक अधिकारी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।




