त्योहारों पर सुरक्षित सफर के लिए 24 घंटे मुस्तैद रहेगा स्टाफ, सड़क सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त
मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर अतिरिक्त संसाधनों के साथ यातायात प्रबंधन की व्यवस्था, वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने की अपील
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
छठ पूजा के मद्देनजर प्रदेश के एक्सप्रेसवे पर वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए योगी सरकार ने यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। त्योहारों के दौरान घर लौटने वाले यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सभी संबंधित एक्सप्रेसवे पर अतिरिक्त संसाधनों के साथ यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी क्षमता से संचालित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर यूपीडा ने त्योहारों के दौरान सड़क सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सहायता को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि यात्रियों को जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
अधिकारियों-कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त
त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश निरस्त कर दिए गए हैं। यूपीडा का पूरा स्टाफ 24 घंटे ड्यूटी पर मुस्तैद रहेगा। अतिरिक्त संसाधनों के जरिए एक्सप्रेसवे पर निगरानी और व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने की तैयारी की गई है।
जल्दबाजी से बचें, यातायात नियमों का करें पालन
यूपीडा ने वाहन चालकों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान वाहनों की संख्या बढ़ने से कुछ स्थानों पर अतिरिक्त प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। ऐसे में चालक अनावश्यक जल्दबाजी न करें और धैर्य के साथ यातायात नियमों का पालन करें।
सुरक्षित गति से वाहन चलाने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की भी अपील की गई है।
यूपीडा का कहना है कि त्योहारों की खुशियां हर परिवार तक सुरक्षित पहुंचाने के उद्देश्य से एक्सप्रेसवे पर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।




