लाइसेंस और अभिलेखों का किया सत्यापन, अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश
कोतवाली नगर और बंधुआकलां क्षेत्र में एसडीएम व सीओ सिटी ने किया निरीक्षण, लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी
राजधानी लखनऊ के जनपद सुल्तानपुर मे दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहार के मद्देनजर शुक्रवार को एसडीएम सदर गरिमा सोनकिया और सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने कोतवाली नगर एवं बंधुआकलां क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों के लाइसेंस, आवश्यक अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित नियमों और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। दुकानों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आग से बचाव के इंतजाम और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की हिदायत दी गई। साथ ही दुकानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप ही आतिशबाजी का भंडारण और बिक्री करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि दीपावली के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही लोगों की जान-माल के लिए खतरा बन सकती है। इसलिए सुरक्षा व्यवस्था में कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने, बिना वैध लाइसेंस दुकान संचालित करने अथवा अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान भी दुकानों की निगरानी जारी रहेगी, ताकि किसी अप्रिय घटना की आशंका न रहे।




