मूसलाधार बारिश के बीच निकली भव्य कलश यात्रा, अमृत गार्डन में संतों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापित हुआ कथा मंच
जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह और ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह के संयोजन में हो रहा आयोजन, पूज्य राजन जी महाराज करेंगे श्रीराम कथा का रसपान
उत्तर प्रदेश /etv news 24 / एजेंसी लखनऊ
राजधानी लखनऊ के जनपद सुल्तानपुर के बल्दीराय विकासखंड के सिंहनी स्थित अमृत गार्डन में नौ दिवसीय अंतरराष्ट्रीय श्रीराम कथा महामहोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के प्रथम दिन मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच निकाली गई भव्य कलश यात्रा के संपन्न होने के बाद महापूजनीय गुरुजी के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कथा मंच की स्थापना की गई।
प्रभु श्रीसीताराम के अलौकिक दरबार की आकर्षक पृष्ठभूमि से सजे मंच पर संतों, आचार्यों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने धार्मिक आयोजन की भव्यता बढ़ाई।
इस अवसर पर आचार्य सूर्यभान पांडेय, राजेश शुक्ला प्रधान, अवधेश पांडेय, श्रीनिवास शुक्ला, घनश्याम तिवारी और शिवपाल अग्रहरि सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा और जय श्रीराम के उद्घोष से माहौल गुंजायमान हो उठा।
इस भव्य धार्मिक आयोजन का संयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह एवं ब्लॉक प्रमुख शिव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। कथा में पूज्य राजन जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालु नौ दिनों तक श्रीराम कथा का श्रवण करेंगे। आयोजकों की ओर से क्षेत्र के धर्मप्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर कथा श्रवण करने की अपील की गई है।
कथा का समय और स्थान: श्रीराम कथा प्रतिदिन दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित होगी। कथा का आयोजन 7 नवंबर तक अमृत गार्डन, सिंहनी, बल्दीराय में किया जाएगा। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से पहुंचकर धार्मिक आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।




