नियुक्ति पत्र मिलने पर खिले अभ्यर्थियों के चेहरे, सीएम ने साथ में खिंचाई सेल्फी
पुलिस विभाग को मिली नई ताकत, पारदर्शी चयन प्रक्रिया से हुआ अभ्यर्थियों का चयन
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की लिपिक संवर्ग सीधी भर्ती-2023 के तहत चयनित 912 अभ्यर्थियों को रविवार को लोकभवन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र वितरित किए। नियुक्ति पत्र पाकर नवचयनित अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
चयनित अभ्यर्थियों में पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर चयनित युवा शामिल हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की चयन प्रक्रिया के माध्यम से इन अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद सभी चयनित अभ्यर्थी पुलिस विभाग में अपने-अपने पदों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
अभ्यर्थियों के साथ सीएम ने खिंचाई सेल्फी

नियुक्ति पत्र वितरण के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नवचयनित अभ्यर्थियों और अधिकारियों के साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान अभ्यर्थियों में खासा उत्साह नजर आया। मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर लेने का मौका मिलने पर युवाओं ने इसे यादगार पल बताया।
युवाओं को रोजगार और पुलिस व्यवस्था को मजबूती
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को प्रदेश में सरकारी नियुक्तियों की प्रक्रिया से जोड़कर देखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में कहा है कि सरकार आने वाले छह महीनों में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने की दिशा में काम करेगी। सरकार के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर दिया जा रहा है।
पुलिस विभाग के 912 नवचयनित कर्मियों की नियुक्ति से विभाग में रिक्त पदों को भरने के साथ गोपनीय, लिपिकीय और लेखा संबंधी कार्यों में भी मानव संसाधन उपलब्ध होगा। नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




