सुलतानपुर विधानसभा से इम्तियाज अहमद उर्फ भुट्टू प्रधान होंगे बसपा के प्रत्याशी
जिलाध्यक्ष सर्वेंद्र अंबेडकर ने जारी किया पत्र, संगठन ने सौंपी चुनावी जिम्मेदारी
सोमवार को डा. आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद तय होगी चुनावी रणनीति
उत्तर प्रदेश के जनपद सुलतानपुर सूत्रों के मुताबिक बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने विधानसभा क्षेत्र 188 सुलतानपुर के लिए इम्तियाज अहमद उर्फ भुट्टू प्रधान को विधानसभा प्रभारी एवं प्रत्याशी बनाए जाने की जानकारी दी है। बसपा जिलाध्यक्ष सर्वेंद्र अंबेडकर की ओर से जारी पत्र के माध्यम से इसकी घोषणा की गई। घोषणा के बाद इम्तियाज अहमद के समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
बसपा की ओर से सोमवार को सुलतानपुर में संगठनात्मक कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। इसमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल के साथ कई मंडलों के मुख्य प्रभारी एवं पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा के शामिल होने की बात कही गई है। कार्यक्रम के दौरान विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की आगामी गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा होने की संभावना है।
बसपा के विधानसभा प्रभारी दर्शन अंबेडकर ने बताया कि सोमवार को बाबा साहब डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया जाएगा। इसके बाद पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ आगामी चुनाव को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इम्तियाज अहमद को प्रभारी एवं प्रत्याशी बनाए जाने के बाद उनके समर्थक इसे पार्टी की चुनावी तैयारियों में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देख रहे हैं।




