मणिपुर की कानून-व्यवस्था पर भी केंद्र सरकार को घेरा, बोले- वहां जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे प्रधानमंत्री
इंसाफ रैली में राहुल गांधी का केंद्र पर हमला, नशे के कारोबार और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल
मणिपुर/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
मणिपुर मे इंसाफ रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने देश में नशे के कारोबार और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर सरकार से जवाब मांगा। राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह तीन साल में देश से नशा खत्म करने की बात करते हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि गुजरात के मुंद्रा पोर्ट पर पकड़ी गई हजारों किलो ड्रग्स का आखिर क्या हुआ?
राहुल गांधी ने उद्योगपति अडानी से जुड़े मुंद्रा पोर्ट का उल्लेख करते हुए सरकार की नशा विरोधी मुहिम पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एक तरफ देश को नशामुक्त बनाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर हजारों किलो मादक पदार्थों की बरामदगी जैसे गंभीर मामलों पर सरकार को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
रैली में राहुल गांधी ने मणिपुर की स्थिति को लेकर भी केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की हालत बेहद खराब है। हालात ऐसे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मणिपुर जाने की स्थिति में नहीं हैं। राहुल गांधी ने मणिपुर का हवाला देते हुए केंद्र सरकार की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए।
उन्होंने अपने संबोधन के जरिए नशे के कारोबार, कानून-व्यवस्था और मणिपुर के हालात को लेकर केंद्र सरकार को घेरने की कोशिश की। राहुल गांधी के इन बयानों से राजनीतिक माहौल में एक बार फिर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने के संकेत हैं।




