पयागपट्टी गांव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, सरकारी जमीन से हटाया गया अतिक्रमण
पक्के मकान को लेकर भी जारी हुई नोटिस, पुलिस की कार्रवाई के बाद प्रशासन सख्त
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
अवैध खनन रोकने के दौरान नायब तहसीलदार और राजस्व कर्मियों पर हुए हमले के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को नागा कोतवाली क्षेत्र के पयागपट्टी गांव में खनन माफिया राहुल सिंह से जुड़े अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। इस दौरान सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कराया गया। वहीं, अवैध रूप से बनाए गए पक्के मकान को लेकर भी नोटिस जारी की गई है।
बताया जाता है कि क्षेत्र में अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया था। इस घटना में नायब तहसीलदार और राजस्व कर्मियों के साथ मारपीट की गई थी। सरकारी कर्मचारियों पर हमले की घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। इसके बाद अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई।
इसी क्रम में बुधवार सुबह पुलिस ने खनन माफिया बताए जा रहे राहुल सिंह, प्रशांत सिंह और संदीप सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान उनके पैर में गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने पयागपट्टी गांव में अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलवाया।
प्रशासन की इस कार्रवाई को सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, पक्के मकान को लेकर जारी नोटिस के बाद आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।




