किसानों को छह लाख तक ऋण, समय पर अदायगी पर मिलेगा ब्याज अनुदान
पांच वर्ष में पांच लाख कृषकों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर भारत टैक्सी योजना और मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के ई-पोर्टल की भी शुरुआत की जाएगी।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत पात्र किसानों को छह प्रतिशत की प्रभावी ब्याज दर पर अधिकतम छह लाख रुपये तक ऋण उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि एवं उससे जुड़े कार्यों के लिए सुलभ वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है। ऋण की समय से अदायगी करने वाले लाभार्थियों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान भी दिया जाएगा।
योजना के तहत अगले पांच वर्षों में पांच लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। पात्र किसानों के लिए कुल 384 करोड़ रुपये की योजना स्वीकृति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ई-पोर्टल के माध्यम से योजना से जुड़ी प्रक्रियाओं को सुगम बनाने और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने पर जोर रहेगा।
वहीं, भारत टैक्सी योजना के शुभारंभ के साथ यात्रियों और टैक्सी चालकों को विभिन्न सुविधाजनक लाभ मिलने की उम्मीद है। योजना का उद्देश्य टैक्सी सेवा को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है। कार्यक्रम के दौरान योजना से जुड़ी सुविधाओं और लाभों की जानकारी भी साझा की जाएगी।




