एक्सपायर्ड, मिलावटी एवं संदूषित खाद्य सामग्री पर ताबड़तोड़ कार्रवाई
विभिन्न जिलों में औचक निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ, सॉस एवं मिठाइयां नष्ट
डेहरी रोहतास/ Etv News 24/प्रधान संपादक एस आलम
राज्य में आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण, खाद्य नमूना संग्रहण एवं जांच की कार्रवाई लगातार जारी है। स्वास्थ्य सचिव-सह-खाद्य संरक्षा आयुक्त श्री कुमार रवि के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा टीमों द्वारा विभिन्न जिलों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में गया, वैशाली, सीतामढ़ी, सारण, रोहतास, लखीसराय, सहरसा, शेखपुरा एवं अरवल सहित विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुल 19 प्रतिष्ठानों की जांच की गई एवं खाद्य नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
डेहरी में खराब एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री नष्ट
रोहतास जिले के डेहरी में SDM डेहरी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा Lion King TOP नामक खाद्य प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 200 किलोग्राम टमाटर पल्प सड़ा हुआ एवं कीड़े लगा पाया गया। वहीं 35 किलोग्राम आलू मैश पल्प में दुर्गंध एवं सड़न पाई गई।इसके अतिरिक्त 240 बोतल मिर्च सॉस एवं 120 बोतल टमाटर सॉस एक्सपायरी पाए गए। दोनों सॉस में सड़न एवं दुर्गंध की स्थिति भी पाई गई।
जनस्वास्थ्य के हित में FSS Act की धारा 38(4) के तहत उक्त अनुपयुक्त खाद्य सामग्री को मौके पर ही गड्ढे में दबाकर तथा मिट्टी एवं राख डालकर नष्ट किया गया। साथ ही आगे की जांच के लिए आवश्यक खाद्य नमूने भी संग्रहित किए गए।
विभिन्न जिलों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
गया में गोपाल फूड एंड कन्फेक्शनरी तथा मेसर्स उपहार स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। वैशाली में धनलक्ष्मी ट्रेडर्स एवं मेसर्स मिश्री जयश्री द्वारकाधीश, भगवानपुर का निरीक्षण किया गया।
सीतामढ़ी में अन्नपूर्णा भंडार, बेलसंड तथा सारण में Blinkit Commerce Private Limited के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। लखीसराय में विभिन्न खाद्य सामग्री की जांच एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई की गई।
सहरसा में सरसों तेल, मिर्च मसाला, धनिया पाउडर एवं अरहर दाल सहित खाद्य पदार्थों की जांच की गई। इस दौरान लड्डू अनुपयुक्त पाए जाने पर नष्ट कराया गया। शेखपुरा में तीन तथा अरवल में पांच खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी खाद्य कारोबारियों (FBOs) को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है। खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छ किचन, सुरक्षित खाद्य भंडारण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन अथवा जनस्वास्थ्य के लिए अनुपयुक्त खाद्य सामग्री पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार खाद्य सामग्री को जब्त कर नष्ट करने, सुधार नोटिस जारी करने तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
राज्य में खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं आवश्यक कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




