भूमि मापी और भूमि विवाद से जुड़े मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई का आदेश, संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए आवेदन
सासाराम(रोहतास)Etv News 24
जिला पदाधिकारी, रोहतास दीपक कुमार मिश्र के द्वारा शनिवार को समाहरणालय में दैनिक जिला जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को जिला पदाधिकारी ने गंभीरता से सुना। इस दौरान कुल 10 आवेदन प्राप्त हुए।जनता दरबार में रोहतास प्रखंड निवासी श्रीकांत कुमार ने भूमि की मापी कराने को लेकर आवेदन दिया। जिला पदाधिकारी ने मामले की जांच कर शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, डेहरी को आवश्यक निर्देश दिया।वहीं करगहर थाना क्षेत्र के ग्राम डुमरा, पोस्ट बड़की महुली निवासी संजय सिंह ने भूमि विवाद से संबंधित समस्या के समाधान के लिए आवेदन दिया। मामले को शीघ्र निष्पादित करने के लिए आवेदन भूमि सुधार उप समाहर्ता, सासाराम को अग्रसारित किया गया।इसके अलावा जनता दरबार में प्राप्त अन्य आवेदनों को भी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यालयों को भेजते हुए शीघ्र जांच कर नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




