आयोग से तबादले की मांग
अमिताभ ठाकुर बोले राजनीतिक पक्षपात के आरोपों की स्वतंत्र जांच कर संवेदनशील पदों से हटाए जाएं संबंधित अधिकारी विपक्षी दलों से फीडबैक लेकर कामकाज की समीक्षा कराने की मांग
आजाद अधिकार सेना जुटा रही तथ्य
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश में निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियां निभा रहे अधिकारियों की राजनीतिक निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए भारत निर्वाचन आयोग से स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कुछ अधिकारी सत्तारूढ़ राजनीतिक प्रतिष्ठान के प्रति अनुचित झुकाव रखते दिखाई देते हैं। ऐसे में उनकी निष्पक्षता की जांच कराना जरूरी है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा कि कई अधिकारी लंबे समय से एक ही पद पर तैनात हैं। इस स्थिति में उनके कामकाज और राजनीतिक निष्पक्षता की समीक्षा की जानी चाहिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग से विपक्षी दलों से फीडबैक लेने और अधिकारियों के विरुद्ध मिली शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की निष्पक्षता की जांच कराने का आग्रह किया है।
उन्होंने मांग की कि यदि किसी अधिकारी के राजनीतिक पक्षपात में संलिप्त होने के विश्वसनीय प्रमाण मिलते हैं तो उसे संवेदनशील निर्वाचन संबंधी दायित्वों से हटाने सहित नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए अधिकारियों की निष्पक्ष भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि संगठन भी अपने स्तर पर संबंधित अधिकारियों के कामकाज से जुड़े तथ्यों और सूचनाओं का संकलन कर रहा है। इन तथ्यों को शीघ्र ही भारत निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।




