नवंबर से संभालेंगे कार्यभार, दिल्ली से जम्मू-कश्मीर किया गया स्थानांतरण
नई दिल्ली/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
केंद्र सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. सज्जन सिंह यादव को जम्मू-कश्मीर का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से 24 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, एजीएमयूटी कैडर के वर्ष 1995 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. यादव का स्थानांतरण दिल्ली से जम्मू-कश्मीर किया गया है।
गृह मंत्रालय के आदेश में कहा गया है कि डॉ. सज्जन सिंह यादव 1 नवंबर 2026 से जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव का पदभार संभालेंगे। हालांकि, यदि वह निर्धारित तिथि के बाद कार्यभार ग्रहण करते हैं, तो उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी।
केंद्रीय गृह मंत्रालय में निदेशक (एस) अनिश मुरलीधरन के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि दिल्ली, जम्मू-कश्मीर सहित संबंधित केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।




