17 और 24 अक्टूबर को सभी पोलिंग बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप
सुबह 10 से शाम चार बजे तक मिलेगी सुविधा
फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे नाम, बीएलओ को सौंपी गई जिम्मेदारी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआइआर)-2026 के बाद विधानसभा निर्वाचक नामावली में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग की ओर से विशेष कैंप लगाए जाएंगे। एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इसके लिए 17 और 24 अक्टूबर को जिले के सभी पोलिंग बूथों पर कैंप आयोजित किए जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्रजीत सिंह की ओर से जारी आदेश के अनुसार, निर्धारित दोनों तिथियों पर प्रत्येक पोलिंग बूथ पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। खासकर ऐसे युवाओं को इस सुविधा का लाभ मिलेगा, जो निर्धारित अर्हता तिथि तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं और पहली बार मतदाता बनने के पात्र हैं।
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदकों को फॉर्म-6 भरकर जमा करना होगा। इसके साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी देने होंगे। निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने संबंधित पोलिंग बूथ पर पहुंचकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उनका नाम विधानसभा की निर्वाचक नामावली में शामिल किया जा सके।




