नवरात्र में जिला आकांक्षा समिति का आयोजन
हजारों महिलाओं ने लिया हिस्सा
सरकारी योजनाओं के लगे शिविर, स्वास्थ्य टीम ने किया सैकड़ों महिलाओं का परीक्षण
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
नवरात्र पर्व के अवसर पर जिला आकांक्षा समिति की ओर से नारी सशक्तीकरण को लेकर वृहद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की पत्नी एवं जिला आकांक्षा समिति की अध्यक्ष मनजोत कौर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में हजारों महिलाओं ने हिस्सा लिया। विधिक जागरूकता शिविर में न्यायिक अधिकारी की मौजूदगी ने महिलाओं का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को जागरूक करने के साथ साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया।
मनजोत कौर ने कहा कि महिलाओं के सशक्तीकरण, किशोरियों में जागरूकता बढ़ाने और समाज को समृद्ध बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। बेटियों को शिक्षित करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और सही-गलत के बीच अंतर समझाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नवरात्र में बेटियों को देवी का स्वरूप माना जाता है। ऐसे में जरूरी है कि समाज में हर बेटी का सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों की ओर से शिविर लगाए गए। महिलाओं ने इन शिविरों में पहुंचकर योजनाओं की पात्रता, लाभ लेने की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैकड़ों महिलाओं का चिकित्सीय परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।
आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और समाज में नारी सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।




