हादसे में इंजीनियर की पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल
आजमगढ़ के पास हुआ दर्दनाक हादसा, परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में सिविल इंजीनियर और उनके वृद्ध पिता की मौत हो गई, जबकि इंजीनियर की पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब चालक को झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। दुर्घटना में परिवार के दो सदस्यों की मौत से मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, मऊ निवासी सिविल इंजीनियर शादाब अपने पिता, पत्नी और दो बच्चों के साथ कार से जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर चालक को अचानक झपकी आ गई। इससे कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सिविल इंजीनियर शादाब और उनके वृद्ध पिता को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, शादाब की पत्नी और दोनों बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस दर्दनाक घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।




