सुल्तानपुर में अधिकारियों-कर्मचारियों की आंखें हुईं नम
तीन साल का कार्यकाल रहा यादगार, सरल स्वभाव और बेहतर कार्यशैली से बनाई अलग पहचान
बीडीओ, एडीओ पंचायत और ग्राम पंचायत अधिकारियों ने जताया अपनापन, बोले- लंबे समय तक याद आएगी कार्यशैली
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर के जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) अभिषेक शुक्ला का स्थानांतरण बाराबंकी कर दिया गया है। उनके तबादले की खबर से सुल्तानपुर के पंचायत विभाग में हलचल के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों में मायूसी छा गई। करीब तीन साल तक जिले में अपनी सेवाएं देने वाले अभिषेक शुक्ला ने अपने सरल स्वभाव, सहज व्यवहार और बेहतर कार्यशैली से विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच अलग पहचान बनाई।
उनके स्थानांतरण की जानकारी मिलते ही खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ), सहायक विकास अधिकारियों (एडीओ पंचायत) और ग्राम पंचायत अधिकारियों के बीच उनके कार्यकाल की चर्चाएं शुरू हो गईं। कई अधिकारी और कर्मचारी उनके साथ बिताए गए समय को याद कर भावुक नजर आए। विभागीय लोगों का कहना है कि अभिषेक शुक्ला ने अपने कार्यकाल में केवल प्रशासनिक जिम्मेदारियों का निर्वहन ही नहीं किया, बल्कि सहकर्मियों के साथ पारिवारिक और आत्मीय संबंध भी बनाए।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि उनका सरल और मिलनसार स्वभाव हमेशा याद रहेगा। काम के प्रति गंभीरता और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर चलने की उनकी शैली ने विभागीय कार्यों को सहज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यही वजह है कि उनके तबादले को विभाग के लिए एक भावनात्मक विदाई के रूप में देखा जा रहा है।
अब अभिषेक शुक्ला बाराबंकी में डीपीआरओ की जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, सुल्तानपुर के पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के बीच उनके तीन साल के कार्यकाल की यादें लंबे समय तक चर्चा में रहेंगी।




