लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
राज्यसभा की आगामी रिक्तियों को लेकर भाजपा में संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन तेज हो गया है। पार्टी के भीतर अलग-अलग सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए कई नामों की चर्चा चल रही है। हालांकि, अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व की ओर से किया जाएगा।
संभावित दावेदारों में पूर्व राष्ट्रीय पदाधिकारी और वर्ष 2018 से 2024 तक राज्यसभा सदस्य रहे अनिल जैन का नाम भी चर्चा में है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह और संजीव बालियान के नाम पर भी विचार किए जाने की चर्चा है।
वरुण गांधी के नाम की भी चर्चा, कई पूर्व केंद्रीय मंत्रियों पर नजर
राज्यसभा के संभावित चेहरों में पूर्व सांसद वरुण गांधी का नाम भी चर्चा में बताया जा रहा है। इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और हरदीप पुरी के नाम भी संभावित दावेदारों के रूप में चर्चा में हैं।
पार्टी के भीतर ब्राह्मण प्रतिनिधित्व को लेकर हरीश द्विवेदी, सीमा द्विवेदी और श्रीकांत शर्मा के नाम भी सामने बताए जा रहे हैं। वहीं, अन्य सामाजिक समीकरणों को साधने के लिए अलग-अलग वर्गों से जुड़े नेताओं के नामों पर भी विचार चलने की बात कही जा रही है।
लोधी समाज से बीएल वर्मा का नाम, मुस्लिम चेहरे पर भी चर्चा
लोधी समाज से वर्तमान में राज्यसभा सदस्य बीएल वर्मा को दोबारा अवसर दिए जाने की चर्चा है। इसके साथ ही प्रकाश पाल का नाम भी संभावित दावेदारों में सामने आया है। विद्यासागर सोनकर के नाम पर भी पार्टी के स्तर पर चर्चा होने की जानकारी है।
भाजपा के भीतर एक मुस्लिम चेहरे को राज्यसभा भेजने के विकल्प पर भी चर्चा होने की बात कही जा रही है। माना जा रहा है कि उम्मीदवारों के चयन में सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ क्षेत्रीय संतुलन को भी ध्यान में रखा जा सकता है। फिलहाल ये सभी नाम चर्चा और संभावित दावेदारों के स्तर पर हैं; पार्टी की ओर से अंतिम सूची घोषित नहीं की गई है।




