योगी आदित्यनाथ का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, बोले- उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते देवभूमि के लोगों के प्रति संकुचित सोच रखने वालों को सीएम योगी ने घेरा
उत्तराखंड महोत्सव में अवध और देवभूमि की संस्कृति के संगम को सराहा
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्माने लगा है। नेताओं के बीच बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव-2026 के मंच से विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहे जाने संबंधी बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर निशाना साधा और कहा कि यदि उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हाल ही में एक व्यक्ति का बयान सुना, जिसमें उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताया जा रहा था।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से थे। मां गंगा, यमुना और सरयू का उद्गम भी इसी देवभूमि से जुड़ा है। इसके बावजूद उत्तराखंड के लोगों के प्रति इतनी संकुचित सोच रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग बांग्लादेशी और पाकिस्तानी घुसपैठियों से गले मिलते हैं और उनके सामने नाक रगड़ते हैं, वही देवभूमि उत्तराखंड के निवासियों के प्रति जहर उगलने का काम कर रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तराखंड का पानी पीने और वहां का अन्न ग्रहण करने वाले लोगों के लिए चुनौतियों को स्वीकार करना और उनका मुकाबला करना जीवन का हिस्सा बन चुका है। हम चुनौतियों से भागते नहीं, बल्कि उनका डटकर सामना करते हैं। देशहित में जो भी कार्यक्रम और पहल जरूरी होती है, देवभूमि उत्तराखंड उन्हें आगे बढ़ाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाती है।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड महोत्सव को सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि लखनऊ अवध की संस्कृति का केंद्र है, वहीं देवभूमि उत्तराखंड अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक पहचान के लिए जाना जाता है। इस महोत्सव के माध्यम से दोनों संस्कृतियों का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि देवत्व का भाव हर व्यक्ति के अंतःकरण को स्पर्श करता है। ऐसे आयोजन विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं को करीब लाने के साथ आपसी जुड़ाव और राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत करते हैं।




