लोक सेवा आयोग से चयनित कनिष्ठ सहायकों को मिली सरकारी नौकरी, कलेक्ट्रेट और मंडलायुक्त कार्यालय में होगी तैनाती
सात तहसीलों में पांच-पांच कर्मचारी भेजने की तैयारी, नई नियुक्तियों से पुराने कर्मचारियों का घटेगा अतिरिक्त कार्यभार
54 अभ्यर्थियों का हुआ था चयन, सात अभ्यर्थी लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में नहीं हो सके शामिल
गोरखपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
भैया दूज के अवसर पर गोरखपुर के 47 युवाओं को सरकारी नौकरी का उपहार मिला। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित इन अभ्यर्थियों को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
गोरखपुर जनपद के लिए कुल 54 कनिष्ठ सहायकों का चयन हुआ था, लेकिन विभिन्न कारणों से सात अभ्यर्थी कार्यक्रम में शामिल होने लखनऊ नहीं पहुंच सके। ऐसे में 47 चयनित युवाओं को मुख्यमंत्री के हाथों नियुक्ति पत्र मिले। इनमें गोरखपुर की अंकिता सिंह भी शामिल रहीं।
लोक सेवा आयोग की वर्ष 2022 की भर्ती प्रक्रिया के तहत गोरखपुर के लिए चयनित अभ्यर्थियों में कलेक्ट्रेट के 45 और मंडलायुक्त कार्यालय के नौ कनिष्ठ सहायक शामिल हैं। प्रदेशभर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 1146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। लंबे इंतजार के बाद नियुक्ति पत्र मिलने से चयनित युवाओं के सरकारी सेवा में आने का रास्ता साफ हो गया है।
गोरखपुर के चयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ ले जाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बस की व्यवस्था की गई थी। उप जिलाधिकारी प्रेम नारायण प्रजापति और तहसीलदार सदर न्यायिक यमुना प्रसाद वर्मा अभ्यर्थियों के साथ लखनऊ पहुंचे। हालांकि, जिले के सात चयनित अभ्यर्थी कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। बताया जा रहा है कि इनमें कुछ अभ्यर्थी पहले से ही अन्य सरकारी संस्थानों में दूसरे पदों पर कार्यरत हैं, जबकि कुछ के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाने के अन्य कारण रहे।
सात तहसीलों में होगी पांच-पांच कनिष्ठ सहायकों की तैनाती
नई नियुक्तियों से गोरखपुर के कलेक्ट्रेट और तहसीलों में कर्मचारियों की कमी दूर होने की उम्मीद है। प्रशासनिक स्तर पर सात तहसीलों में पांच-पांच कनिष्ठ सहायक तैनात करने की संभावना जताई जा रही है। इस हिसाब से 35 कर्मचारियों को तहसीलों में भेजा जा सकता है। शेष कर्मचारियों की तैनाती कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों और अनुभागों में प्रशासनिक जरूरत के अनुसार की जाएगी। हालांकि, अंतिम तैनाती का निर्णय संबंधित अधिकारियों की ओर से लिया जाएगा।
वर्तमान में कलेक्ट्रेट और तहसीलों के कई कार्यालयों में कर्मचारियों की कमी के चलते एक ही कर्मचारी को एक से अधिक पटलों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही है। इससे नियमित कामकाज के साथ अतिरिक्त दायित्वों का दबाव भी बना रहता है। नए कनिष्ठ सहायकों के कार्यभार ग्रहण करने के बाद जिम्मेदारियों का बेहतर बंटवारा हो सकेगा। इससे पुराने कर्मचारियों को अतिरिक्त कार्यभार से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रमाणपत्रों से लेकर राजस्व कार्यों के निस्तारण में मिलेगी गति
तहसीलों में कनिष्ठ सहायकों की संख्या बढ़ने से आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों के साथ राजस्व संबंधी कार्यों, अभिलेखों के रखरखाव और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं के निस्तारण में तेजी आने की संभावना है। अभी सीमित कर्मचारियों के सहारे कामकाज संचालित होने से कई बार किसी कर्मचारी के अवकाश पर रहने या दूसरे विभागीय कार्य में व्यस्त होने पर संबंधित पटल का काम प्रभावित होता है।
इसी तरह कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों में भी नए कर्मचारियों की तैनाती से पत्रावलियों के निस्तारण और विभागीय कामकाज को गति मिल सकती है। कर्मचारियों की उपलब्धता बढ़ने से पुराने कर्मियों को अपने मूल दायित्वों पर ध्यान देने का अवसर मिलेगा। इससे प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होने के साथ आम लोगों को भी अपने जरूरी कामों के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
भैया दूज पर नियुक्ति पत्र मिलने से जहां 47 युवाओं के सरकारी नौकरी पाने का सपना साकार हुआ, वहीं जिला प्रशासन के कार्यालयों में लंबे समय से महसूस की जा रही कर्मचारियों की कमी दूर होने की उम्मीद भी बढ़ गई है। अब चयनित अभ्यर्थियों के कार्यभार ग्रहण करने और उनकी अंतिम तैनाती की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।




