पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा भी
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए योगी सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। शासन ने पीआरडी जवानों के दैनिक भत्ते में 100 रुपये की बढ़ोतरी करते हुए इसे 500 से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन कर दिया है। इस संबंध में युवा कल्याण विभाग के विशेष सचिव कुमार विनीत की ओर से शासनादेश जारी कर दिया गया है। शासनादेश जारी होने की तिथि से ही नई व्यवस्था प्रभावी मानी गई है। ऐसे में अगले माह से पीआरडी जवानों को बढ़े हुए दैनिक भत्ते के आधार पर भुगतान किया जाएगा।जवानों के साथ परिवार को भी स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभसरकार ने पीआरडी जवानों को पांच लाख रुपये तक प्रतिवर्ष कैशलेस उपचार की सुविधा देने का भी निर्णय लिया है। इसके तहत प्रत्येक पीआरडी कर्मी और उसके परिवार को एक वर्ष में पांच लाख रुपये तक के उपचार की सुविधा मिलेगी। इसके लिए सरकार बीमा व्यवस्था के तहत प्रति पीआरडी कर्मी करीब 3000 रुपये के वार्षिक प्रीमियम का खर्च वहन करेगी।सरकारी और संबद्ध निजी अस्पतालों में हो सकेगा इलाजकैशलेस स्वास्थ्य सुविधा के तहत पीआरडी जवान और उनके परिवार के सदस्य सरकारी अस्पतालों के साथ ही स्टेट एजेंसी साचीज (एसएचीईएस) से संबद्ध निजी अस्पतालों में भी उपचार करा सकेंगे। सरकार का यह फैसला पीआरडी जवानों को आर्थिक राहत देने के साथ उनके परिवारों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले दिनों दैनिक भत्ता बढ़ाने की घोषणा की थी, जिसे कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद अब शासनादेश के जरिए लागू कर दिया गया है।




