प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोग, मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर शिकायत पर हो प्रभावी कार्रवाई
गोरखपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने एक-एक कर फरियादियों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों एवं प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दर्शन में पहुंचे लोगों ने जमीन संबंधी विवाद, पुलिस कार्रवाई, राजस्व, इलाज और अन्य प्रशासनिक मामलों से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारी मौके पर जाकर समस्याओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी लें और उनका प्रभावी समाधान कराएं। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।




