पीडीए की एकजुटता से 2027 में भाजपा को सत्ता से हटाने का चौ. लौटनराम निषाद ने किया आह्वान
मुलायम सिंह यादव के विचारों और सामाजिक न्याय के संघर्ष को किया याद
शिविर में हुआ स्वास्थ्य परीक्षण व रक्तदान
उत्तर प्रदेश / etv news 24 / ब्यूरो एजेंसी लखनऊ
उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ के अयोध्या मे आज प्रयास ट्रस्ट की ओर से नेताजी मुलायम सिंह यादव की स्मृति में विचार गोष्ठी, मेडिकल चेकअप और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। राम अवध यादव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं गोसाईंगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी व प्रत्याशी चौ. लौटनराम निषाद ने कहा कि समाजवादी पार्टी केवल बातें करने में नहीं, बल्कि काम करके दिखाने में विश्वास करती है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज संक्रमण के दौर से गुजर रहा है और संविधान व लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और आदिवासी समाज को एकजुट होना होगा।
चौ. लौटनराम निषाद ने भाजपा पर राममंदिर और धर्म के मुद्दे को आगे कर जनता का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, रोजगार और किसानों की समस्याओं से भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता को निर्णायक भूमिका निभानी होगी।
नेताजी के कार्यों को किया याद
निषाद ने मुलायम सिंह यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू कराने और पंचायतीराज व्यवस्था के माध्यम से पिछड़े, दलित, आदिवासी तथा महिलाओं को आरक्षण दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पूर्व विधान परिषद सदस्य हीरालाल यादव ने प्रदेश सरकार की योजनाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव से पहले महिलाओं के खातों में धनराशि भेजने की घोषणाओं के बजाय उन्हें स्थायी आर्थिक राहत देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों और महिलाओं के कर्ज माफी का वादा पूरा किया जाएगा।
सपा के अयोध्या जिलाध्यक्ष जयसिंह यादव ने कहा कि आगामी चुनाव संविधान, लोकतंत्र और बच्चों के भविष्य की रक्षा से जुड़ा है। वहीं, बीकापुर के पूर्व सपा प्रत्याशी हाजी फिरोज खां गब्बर ने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार ने लैपटॉप वितरण, कन्या विद्याधन, छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति, एंबुलेंस सेवाओं, डायल-100, महिला सुरक्षा के लिए 1090, किसान व मछुआरा बीमा, बेरोजगारी भत्ता और समाजवादी पेंशन जैसी योजनाएं शुरू की थीं। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर जनकल्याणकारी योजनाओं को फिर से बेहतर तरीके से संचालित किया जाएगा।
शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया जोर
मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष मो. शोएब खान ने अति पिछड़ी जातियों के लोगों से अपने बच्चों को शिक्षित बनाने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही तरक्की का रास्ता है और दूसरी जातियों से ईर्ष्या करने के बजाय उनसे प्रतिस्पर्धा की भावना रखनी चाहिए।
कार्यक्रम में यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव विजय बहादुर वर्मा, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव जगन्नाथ पाल और रविंद्र पाल छोटे सहित कई लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में चिकित्सकों की टीम ने स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि डॉ. शेषनारायण यादव ने निशुल्क नेत्र परीक्षण और दीपक यादव व निवेशिका मिश्रा ने रक्त जांच की। डॉ. एसके यादव, डॉ. सिद्धार्थ यादव, डॉ. जनार्दन प्रताप, डॉ. वीपी यादव, डॉ. गौरव वर्मा, डॉ. विंध्या यादव, डॉ. अंकिता यादव, डॉ. उदयराज यादव और डॉ. राजपाल वर्मा ने चिकित्सा सेवाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन बृजेश यादव ने किया और रामानंद फौजी ने आभार जताया। सम्मेलन को शिवकुमार यादव, बंशीलाल यादव एडवोकेट, संदीप यादव सनी, अरुण यादव, प्रो. विजय सिंह यादव, रामप्रताप यादव, नंदलाल मारती, शिवकुमार पाल एडवोकेट, धर्मचंद भारती, नफीस भाई, रघुराज यादव, श्रीपाल यादव नंदबाबा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।




