रक्षा मंत्री रहते सैनिकों की समस्याओं को समझने के लिए कारगिल पहुंचते थे फर्नांडीज
एक नवंबर को वाराणसी में जदयू का प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन
उत्तर प्रदेश /etv news 24/ब्यूरो एजेंसी लखनऊ
उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ के जनपद सुल्तानपुर के जनता दल यूनाइटेड (जदयू) उत्तर प्रदेश के प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय ने केंद्र और प्रदेश सरकार से पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडीज को उचित सम्मान देने और उनकी नीतियों को जनहित में लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जॉर्ज फर्नांडीज का जीवन सादगी, साहस, राष्ट्रहित और जनसेवा का प्रतीक रहा है। उनके विचारों को अपनाकर ही देश को विकास की नई दिशा दी जा सकती है।
उपाध्याय ने कहा कि जॉर्ज फर्नांडीज ‘फ्री तिब्बत मूवमेंट’ के प्रबल समर्थक थे। रक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने कारगिल की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर पहुंचकर सैनिकों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को समझकर व्यवस्थाओं में सुधार के प्रयास किए।
उन्होंने एक संस्मरण का उल्लेख करते हुए बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में उपयोगी स्कूटर की मांग से संबंधित फाइल दबाने वाले रक्षा विभाग के अधिकारी को फर्नांडीज ने स्वयं कारगिल भेज दिया था, ताकि वह वहां की कठिन परिस्थितियों और सैनिकों की जरूरतों को करीब से समझ सके। यह उनकी कार्यशैली और लालफीताशाही के प्रति सख्त रवैये को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जॉर्ज फर्नांडीज के रक्षा मंत्री रहते हुए भारत ने पोखरण में परमाणु परीक्षण कर अपनी सामरिक क्षमता का प्रदर्शन किया था। उपाध्याय ने सरकार से मांग की कि उनके नाम पर जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की जाएं और उनके विचारों को शैक्षणिक पाठ्यक्रम में स्थान दिया जाए। इससे नई पीढ़ी को उनके राष्ट्रवादी दृष्टिकोण, संघर्ष और जनसेवा के योगदान से परिचित कराया जा सकेगा।
एक नवंबर को वाराणसी में जुटेंगे जदयू कार्यकर्ता, किसानों के मुद्दों पर होगा मंथन
ओम प्रकाश उपाध्याय ने बताया कि जॉर्ज फर्नांडीज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, किसानों की समस्याओं पर चर्चा करने और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने के उद्देश्य से जनता दल यूनाइटेड उत्तर प्रदेश की ओर से एक नवंबर 2026 को वाराणसी के कोरोता रामलीला मैदान में प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान ‘न्याययुक्त विकास’ के एजेंडे, किसानों के अधिकारों और उनकी ज्वलंत समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की भूमिका और रणनीति पर भी चर्चा होगी।
उपाध्याय ने पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन से ‘वाराणसी चलो’ का आह्वान करते हुए सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा, जनकल्याण और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देकर ही विकास को सार्थक बनाया जा सकता है।




