डेटा सुरक्षा और राष्ट्रीय संप्रभुता का मुद्दा उठाया, स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने की मांग
प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात कर व्यापारी संगठनों का पक्ष रखेंगे
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
स्वदेशी व्यापारी मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक एवं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने स्टारलिंक जैसी विदेशी सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं को लेकर भारतीय डेटा की सुरक्षा, राष्ट्रीय संप्रभुता और स्वदेशी उद्योगों के हितों का मुद्दा उठाया है। उन्होंने केंद्र सरकार से स्टारलिंक का लाइसेंस रद्द करने की मांग करते हुए कहा कि देश में तकनीकी विकास के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, नागरिकों की निजता और भारतीय उद्यमियों के हितों की रक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
संदीप बंसल ने कहा कि भारत आधुनिक तकनीक का स्वागत करता है, लेकिन देश में सेवाएं देने वाली किसी भी विदेशी कंपनी को भारतीय कानूनों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करना चाहिए। डिजिटल अर्थव्यवस्था के दौर में नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों और विभिन्न संस्थानों का डेटा बेहद महत्वपूर्ण संसाधन बन गया है। ऐसे में यह स्पष्ट होना आवश्यक है कि भारतीय उपयोगकर्ताओं का डेटा कहां संग्रहीत किया जा रहा है, उसका प्रबंधन किस प्रकार होता है और उस पर भारतीय कानूनों के तहत प्रभावी नियंत्रण कैसे सुनिश्चित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि सैटेलाइट इंटरनेट सेवाओं के मामले में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी शर्तों, वैधानिक निगरानी व्यवस्था और आवश्यक नियामकीय मंजूरियों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। यदि कोई कंपनी निर्धारित सुरक्षा शर्तों का पालन नहीं करती है तो संबंधित कानूनों के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही भारतीय दूरसंचार कंपनियों, स्वदेशी तकनीक और घरेलू उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
बंसल ने बताया कि इस मुद्दे पर स्वदेशी जागरण मंच, स्वदेशी व्यापारी मंच और अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एक साथ हैं। देश के अन्य व्यापारी एवं उद्यमी संगठनों को भी एक मंच पर लाकर इस विषय पर व्यापक अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात कर अपनी मांगों तथा व्यापारी वर्ग की चिंताओं से अवगत कराया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, महामंत्री अनुज गौतम, शुभम मौर्या, संजयनिधि अग्रवाल, स्वदेशी जागरण मंच के अवध प्रांत संयोजक अमित सिंह वत्स और गोसाईगंज प्रभारी सुनील गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




