सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल की मदद से ट्रेस किए मोबाइल
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर लौटाए मोबाइल
वापस मिलने पर लोगों ने सुलतानपुर पुलिस का जताया आभार
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनपद सुलतानपुर मे गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में सुलतानपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की सर्विलांस सेल और स्थानीय थाना पुलिस ने केंद्रीय संचार मंत्रालय के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से 151 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक वृजनारायण सिंह के पर्यवेक्षण में सर्विलांस सेल ने तकनीकी माध्यमों से गुमशुदा मोबाइलों को ट्रेस करने की कार्रवाई की। CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और मोबाइल के आइएमईआइ नंबर के आधार पर पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद किए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। अपने खोए फोन को वापस पाकर मोबाइल स्वामियों ने सुलतानपुर पुलिस और सर्विलांस टीम के प्रति आभार जताया।
इन कंपनियों के मोबाइल हुए बरामद: बरामद 151 मोबाइल में वीवो के 40, रियलमी के 26, ओप्पो के 20, रेडमी के 15, सैमसंग के 14, पोको के आठ, मोटोरोला के सात, लावा के छह, वनप्लस के पांच, इनफिनिक्स व आइक्यूओ के तीन-तीन तथा टेक्नो, आइटेल, नथिंग और आनर के एक-एक मोबाइल शामिल हैं।
सर्विलांस टीम की रही अहम भूमिका: मोबाइल बरामदगी में सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक शिवानंद यादव, हेड कांस्टेबल अनुराग सिंह, कांस्टेबल अभिषेक, शैलेंद्र, ललित और विजय के साथ सुलतानपुर पुलिस की SWAT टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोबाइल गुम होने पर तत्काल करें शिकायत: पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
साइबर अपराध की आशंका होने पर 1930 पर सूचना दें। साथ ही CEIR पोर्टल पर Block Stolen/Lost Mobile विकल्प के माध्यम से मोबाइल का आइएमईआइ नंबर दर्ज कराकर उसे ब्लॉक कराया जा सकता है। मोबाइल बरामद होने के बाद CEIR पोर्टल पर Unblock Found Mobile विकल्प से उसे दोबारा अनब्लॉक कराया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि नया मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर सुरक्षित रखें और किसी अनजान व्यक्ति अथवा संदिग्ध लिंक पर निजी या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।




