टाटा सफारी की टक्कर से तीन दोस्तों की मौत भंडारे से लौट रहे चार दोस्तों को तेज रफ्तार सफारी ने रौंदा, एक गंभीर घायल लखनऊ रेफर
हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने चालक को पीटा
हाईवे पर लगाया जाम राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
पुलिस और लोगों के बीच जमकर हंगामा
बाराबंकी उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र में बैसनपुरवा चौराहे के पास सोमवार को भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथा गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों दोस्त भंडारे से लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार टाटा सफारी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही चारों दोस्त सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत-बचाव शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान तीन युवकों ने दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।
तीन युवकों की दर्दनाक मौत से आक्रोशित लोगों ने टाटा सफारी चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक और हंगामा हुआ। इससे कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना मिलने पर राज्यमंत्री सतीश शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों का हालचाल लिया और आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। राज्यमंत्री के हस्तक्षेप और पुलिस-प्रशासन के प्रयासों के बाद जाम खुलवाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है।




