संवेदनशील इलाकों का भ्रमण कर पुलिस ने दिया सुरक्षा का संदेश, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
धम्मौर थाना दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए धम्मौर पुलिस सतर्क हो गई है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार शाम भाईं बाजार में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने बाजार के प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

क्राइम इंस्पेक्टर कमलाकांत त्रिपाठी के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेंद्र नाथ मिश्रा, उपनिरीक्षक अनिल अवस्थी, उपनिरीक्षक विद्यासागर यादव सहित भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक तत्वों को सतर्क रहने का संदेश देना रहा।

क्राइम इंस्पेक्टर कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि फ्लैग मार्च के माध्यम से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही आमजन को सुरक्षित माहौल का भरोसा दिलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से दुर्गा पूजा सहित आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या माहौल बिगाड़ने के प्रयास की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।




