30 नवंबर तक चलेगी प्रक्रिया
स्व-गणना पोर्टल पर ऑनलाइन भर सकते हैं परिवार की जानकारी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24 /संवाददाता वागीश
जनगणना के प्रथम चरण के तहत चल रही स्व-गणना प्रक्रिया में पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने भी सहभागिता करते हुए अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज किया। शनिवार को पुलिस अधीक्षक कैंप कार्यालय में उन्होंने स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से परिवार की जानकारी स्वयं भरकर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जनपदवासियों से अपील की कि वे भी स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके लिए प्रत्येक परिवार को अपनी सही और पूर्ण जानकारी निर्धारित समयसीमा के भीतर पोर्टल पर दर्ज करनी चाहिए। इससे जनगणना की प्रक्रिया को सुचारु और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत कोई भी व्यक्ति आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकता है।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी राकेश सिंह, मास्टर ट्रेनर जनगणना विजय कुमार चतुर्वेदी तथा जनगणना लिपिक विजय बहादुर मौजूद रहे।




