कार्यकर्ताओं से संवाद कर परखी चुनावी तैयारी, स्थानीय नेतृत्व के मुद्दे पर साधा निशाना
जनसंपर्क के बहाने दावेदारी का संदेश, गांव-गांव सक्रियता से गरमाया राजनीतिक माहौल
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
विधानसभा चुनाव की आहट के साथ जगदीशपुर क्षेत्र में सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। राजनीतिक दलों में संभावित दावेदारों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में रविवार को जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष हनुमान बक्श पासी ने बल्दीराय विकासखंड के करीब 29 गांवों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उनके व्यापक जनसंपर्क को आगामी चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
हनुमान बक्श पासी ने सोरांव, हलियापुर, डोभियारा, भवानीगढ़ समेत कई गांवों में पहुंचकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात की। उन्होंने संगठन की स्थिति, बूथ स्तर की सक्रियता और क्षेत्र में चल रही राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी ली। गांव-गांव पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद के जरिए उन्होंने चुनावी तैयारियों को लेकर अपनी सक्रियता का भी संदेश दिया।
स्थानीय नेतृत्व बनाम बाहरी चेहरे का मुद्दा
जनसंपर्क के दौरान हनुमान बक्श पासी ने स्थानीय नेतृत्व के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जगदीशपुर की जनता किसी बाहरी व्यक्ति और भितरघात करने वाले व्यक्ति को स्वीकार नहीं करेगी। उनके इस बयान को संभावित चुनावी दावेदारी के साथ-साथ क्षेत्र में स्थानीय बनाम बाहरी नेतृत्व की बहस को धार देने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों के मुताबिक चुनाव में अभी समय है, लेकिन संभावित प्रत्याशियों की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता से संकेत साफ हैं कि जगदीशपुर में राजनीतिक जमीन तैयार करने का दौर शुरू हो गया है। 29 गांवों में एक साथ जनसंपर्क कर हनुमान बक्श पासी ने कार्यकर्ताओं के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। आने वाले दिनों में यदि अन्य संभावित दावेदार भी इसी तरह क्षेत्र में सक्रिय होते हैं तो विधानसभा की सियासत और अधिक गरमाने के आसार हैं। इस दौरान सपा नेता एवं पूर्व महासचिव तारिक बाबू, पूर्व कोषाध्यक्ष कय्यूम खान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




