लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी। प्रदेश के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) की लंबित मांगों को लेकर एसोसिएशन ऑफ कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स उत्तर प्रदेश (ACHOUP) ने बुधवार को इको गार्डन में प्रदेश स्तरीय अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। संगठन ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से CHO की सेवा संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की मांग की।
संगठन के अनुसार प्रदेशभर से करीब 17 हजार CHO इस आंदोलन से जुड़े हैं।
कैडर से लेकर PBI तक कई मुद्दे उठाए
संगठन की ओर से शासन को दिए गए ज्ञापन में CHO के लिए स्पष्ट कैडर व्यवस्था लागू करने, आयुष्मान भारत-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (AB-HWC) से जुड़े लंबित मामलों के समाधान और PBI संबंधी समस्याओं के निराकरण की मांग की गई है। इसके अलावा CHO की जिम्मेदारियों, सेवा शर्तों और भविष्य की कार्यप्रणाली को लेकर स्पष्ट व्यवस्था किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं से सीधे जुड़ा मामला
ACHOUP का कहना है कि CHO प्रदेश की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में उनकी अहम भूमिका है। ऐसे में सेवा संबंधी समस्याओं और व्यवस्थागत अस्पष्टताओं का असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
संगठन ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर ठोस और समयबद्ध निर्णय लेने की मांग की है। ACHOUP ने कहा कि CHO अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा से कर रहे हैं और मांगों के समाधान के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा।




