परिवर्तन चौक से डीएम कार्यालय तक निकाला जुलूस, एसआईआर पर रोक की मांग
‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा लखनऊ, वामदलों ने खोला मोर्चा
चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, राष्ट्रपति को भेजा चार सूत्रीय ज्ञापन
एसआईआर के विरोध में सड़क पर उतरे वामदल, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक व्यवस्था बहाल करने की उठाई आवाज
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर वामदलों की ओर से चलाए जा रहे देशव्यापी अभियान के तहत बुधवार को राजधानी में प्रदर्शन किया गया। 26 सितंबर से दो अक्टूबर तक चल रहे अभियान के क्रम में वामदलों के कार्यकर्ता परिवर्तन चौक पर एकत्र हुए और जिलाधिकारी कार्यालय तक जुलूस निकाला। प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम रामदेव निषाद को सौंपा गया।
दोपहर करीब 12 बजे से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लाल झंडे और विभिन्न मांगों से जुड़े प्लेकार्ड लेकर परिवर्तन चौक पहुंचने लगे। करीब 12:30 बजे भाकपा (माले) के जिला प्रभारी रमेश सिंह सेंगर, सीपीआइ (एम) की जिला सचिव मधु गर्ग, सीपीआइ के जिला सचिव परमानंद और आल इंडिया फारवर्ड ब्लॉक की सचिव आरती के नेतृत्व में जुलूस जिलाधिकारी कार्यालय की ओर रवाना हुआ।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’, ‘मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा दो’, ‘एसआइआर प्रक्रिया पर रोक लगाओ’ और ‘निर्वाचन आयोग की स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक प्रणाली बहाल करो’ जैसे नारे लगाए। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचने के बाद जुलूस सभा में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए वामदलों के नेताओं ने एसआइआर और चुनाव प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए। नेताओं ने दावा किया कि मौजूदा चुनाव प्रक्रिया में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से बाहर किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसका असर दलित, मुस्लिम, आदिवासी और महिला मतदाताओं पर पड़ा है।
वाम नेताओं ने 23 सितंबर को प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की जांच की मांग की। उनका आरोप था कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और जनता के विश्वास को बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे के साथ ही पूरे मामले की जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई।
भाकपा (माले) राज्य कमेटी के सदस्य राधेश्याम मौर्य, सीपीआइ राज्य सचिवालय सदस्य रामचंद्र सरस और सीपीआइ (एम) राज्य सचिव मंडल सदस्य प्रेम नाथ राय ने भी सभा को संबोधित किया।
प्रदर्शन में आइसा के शांतम, समर, इशिका थामस, करुणाकर, कमला गौतम, मंजू गौतम, कुमार मधुसूदन मगन, रमेश चंद्र शर्मा, रामसेवक रावत, सीपीआइ (एम) के प्रवीण सिंह, सुमन सिंह, केके चतुर्वेदी, वंदना राय, सीपीआइ के फूलचंद यादव तथा फारवर्ड ब्लॉक के उदयनाथ सिंह समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।




