जिला महिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, मरीजों और तीमारदारों की जान जोखिम में
लंबे समय से खराब लिफ्ट की नहीं कराई गई मरम्मत, जिम्मेदार अधिकारियों की चुप्पी पर नाराजगी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जिला महिला अस्पताल में लिफ्ट की बदहाल स्थिति अस्पताल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। लिफ्ट के दूसरे तल पर लगा बटन टूटकर गिरा हुआ है, जबकि बिजली के तार खुले पड़े हैं। इससे किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
जिला महिला अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्यकर्मियों का आवागमन होता है। यहां गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं के परिजनों और बुजुर्गों की भी आवाजाही रहती है। ऐसे में लिफ्ट में खुले बिजली के तारों का होना गंभीर लापरवाही माना जा रहा है। इससे करंट लगने या अन्य दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों और तीमारदारों का कहना है कि लिफ्ट का बटन काफी समय से टूटा पड़ा है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। अस्पताल प्रशासन की ओर से इस समस्या को नजरअंदाज किए जाने से लोगों में नाराजगी है। तीमारदारों ने मांग की है कि किसी अप्रिय घटना से पहले लिफ्ट की तत्काल मरम्मत कराई जाए और खुले बिजली के तारों को सुरक्षित कराया जाए।
इस संबंध में अस्पताल प्रशासन का पक्ष जानने के लिए जिम्मेदार अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन बात नहीं हो सकी। अब सवाल यह है कि मरीजों की सुरक्षा से जुड़ी इस गंभीर समस्या पर अस्पताल प्रशासन कब संज्ञान लेगा? क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे?




