23 नवंबर से शुरू होगी सीधी सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिखाएंगे हरी झंडी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह भी वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे
पूर्व सांसद लल्लू सिंह के प्रयासों को मिली सफलता, रामनगरी और माता सीता की जन्मस्थली के बीच मजबूत होगा धार्मिक रिश्ता
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
अयोध्या मे भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर के बीच 23 नवंबर से सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है। दोनों देशों की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने वाली इस विशेष ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ऐतिहासिक अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से रामभक्तों और श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात मिलेगी। अब दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा पहले से अधिक सुगम होगी। यह रेल सेवा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल के सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को नई मजबूती देने का माध्यम भी बनेगी।
इस रेल सेवा की शुरुआत को पूर्व सांसद लल्लू सिंह के लगातार प्रयासों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर अयोध्या से जनकपुर के बीच सीधी ट्रेन चलाने की मांग उठाई थी। इसके अलावा रेल मंत्री को पत्र लिखकर अयोध्या को देश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों से जोड़ने के लिए कई नई रेल सेवाएं शुरू करने का आग्रह किया था।
रामनगरी को देश के प्रमुख तीर्थस्थलों से जोड़ने की उठाई थी मांग
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने अपने पत्र में कहा था कि भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या का धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है। पांच अगस्त 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राम मंदिर निर्माण का शुभारंभ किए जाने के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी समय की जरूरत है।
उन्होंने अयोध्या कैंट से नई दिल्ली, माता वैष्णो देवी कटरा, उज्जैन, इंदौर, द्वारका, जगन्नाथपुरी, हरिद्वार, गुवाहाटी और जनकपुर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेनों के संचालन की मांग की थी। इसके साथ ही अयोध्या धाम से चित्रकूट तथा अयोध्या-फैजाबाद से चित्रकूट, शृंगवेरपुर, सीतामढ़ी समेत अन्य धार्मिक स्थलों के लिए रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा था। इन्हीं मांगों में जनकपुर के लिए सीधी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भी शामिल था, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
राम-जानकी की भूमि को जोड़ेगी रेल, दोनों देशों की आस्था को मिलेगा नया आयाम
अयोध्या और जनकपुर का संबंध रामायण कालीन आस्था और परंपराओं से जुड़ा है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में विश्वविख्यात है। दोनों स्थलों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से रामायण परंपरा में आस्था रखने वाले श्रद्धालुओं को विशेष सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ भारत-नेपाल के बीच सांस्कृतिक और पारंपरिक रिश्ते भी और प्रगाढ़ होंगे।
पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने इस महत्वपूर्ण रेल सेवा को स्वीकृति देने और शुरू कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है। उन्होंने अयोध्या के साधु-संतों, महंतों और नागरिकों की ओर से भी केंद्र सरकार का धन्यवाद किया। उनका कहना है कि अयोध्या और जनकपुर को रेल मार्ग से जोड़ना दोनों देशों की साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




