योगी सरकार ने तेज हवाओं और बेमौसम बारिश को लेकर जारी की एडवाइजरी, कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट
तापमान में 8 डिग्री तक गिरावट की आशंका, किसानों को फसल और पशुधन बचाने की सलाह
50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, राहत-बचाव की तैयारियों में जुटा प्रशासन
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/ ब्यूरो एजेंसी
चक्रवात ‘अर्णब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में मौसम को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 28 से 31 अक्टूबर के बीच कई जिलों में बेमौसम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की आशंका है। इसे देखते हुए योगी सरकार ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। राहत आयुक्त कार्यालय की ओर से आमजन और किसानों के लिए एडवाइजरी जारी कर सावधानी बरतने की अपील की गई है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 अक्टूबर को सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, गाजीपुर और बलिया में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किए जाने की जानकारी दी गई है। वहीं, 29 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट बताया गया है।
कई जिलों में बारिश, गिर सकता है दिन का तापमान
चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी और सुल्तानपुर समेत कई जिलों में बारिश होने का अनुमान है। 30 अक्टूबर को पूर्वांचल, अवध और तराई के विभिन्न क्षेत्रों के साथ बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर में भी तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा की आशंका जताई गई है। मौसम में बदलाव के कारण दिन के तापमान में पांच से आठ डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के साथ ही ठंड का एहसास बढ़ने की संभावना है।
आंधी-तूफान में सतर्क रहें, किसानों को विशेष सलाह
राहत आयुक्त कार्यालय ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आंधी-तूफान के दौरान सुरक्षित पक्के भवनों में रहने, पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदानों, खेतों और जलाशयों के आसपास जाने से भी बचने को कहा गया है।
किसानों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उन्हें खेतों में खड़ी फसलों और काटकर रखी गई कृषि उपज को बारिश व तेज हवाओं से बचाने के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा पशुधन को सुरक्षित स्थानों पर रखने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की ताजा जानकारी के लिए आधिकारिक मौसम बुलेटिन और ‘सचेत’ ऐप पर जारी चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की है।




