डीएम इंद्रजीत सिंह और एसपी विनीत जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति की अगुवाई में निकली शोभायात्रा, करीब 36 घंटे तक चलेगा सिलसिला
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/ ब्यूरो एजेंसी
सुल्तानपुर के नगर पंचायत में दुर्गापूजा महोत्सव के समापन पर सोमवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं की ऐतिहासिक विसर्जन शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। नगर के ठठेरी बाजार से निकली विशाल शोभायात्रा को जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति की अगुवाई में निकल रही इस शोभायात्रा में विभिन्न पूजा पंडालों की देवी प्रतिमाएं शामिल हैं।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण करते हुए सीताकुंड घाट पहुंची, जहां आदि गंगा गोमती में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। करीब 36 घंटे तक चलने वाली इस विशाल शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। मां दुर्गा को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में भक्त शोभायात्रा में शामिल हो रहे हैं।
विसर्जन कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति और प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की गई हैं। शोभायात्रा के दौरान प्रतिमाओं का क्रमबद्ध तरीके से विसर्जन कराया जाएगा। नगर में धार्मिक उल्लास और भक्तिमय माहौल के बीच मां दुर्गा को विदाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है।




