तुरंत पुलिस को दें सूचना
मिशन शक्ति अभियान में सुरक्षा के उपाय बताए
1090, 112, 181 और 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
छात्राओं के फीडबैक से चिन्हित होंगे असुरक्षित स्थान, हॉटस्पॉट मैपिंग के बाद बढ़ेगी पुलिस गश्त
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनपद सुलतानपुर मिशन शक्ति अभियान के तहत बल्दीराय पुलिस ने गनापुर स्थित सेंट जॉन्स कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल में छात्राओं को महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी उपायों की जानकारी दी।
सीओ ने छात्राओं को 1090, 112, 181 और 1930 समेत विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि छेड़खानी, पीछा करने, अभद्रता अथवा साइबर अपराध की स्थिति में डरने की जरूरत नहीं है। छात्राएं तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
अभियान के दौरान छात्राओं से फीडबैक फॉर्म भी भरवाए गए। इसमें स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानियों और ऐसे स्थानों की जानकारी ली गई, जहां छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं। सीओ ने बताया कि प्राप्त फीडबैक के आधार पर संवेदनशील स्थानों की हॉटस्पॉट मैपिंग कराई जाएगी। चिह्नित स्थलों पर पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जाएगी।
थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से अभद्रता, छींटाकशी अथवा आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों को रेड कार्ड के माध्यम से चेतावनी दी जाएगी। दोबारा ऐसी हरकत सामने आने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को अपनी समस्याएं खुलकर पुलिस के सामने रखने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान प्रबंधक/प्रधानाचार्य शिवम श्रीवास्तव, मिशन शक्ति प्रभारी राजदेव यादव, कांस्टेबल अंकित साहू, महिला कांस्टेबल सविता, ममता समेत पुलिसकर्मी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य लोग मौजूद रहे।




