डीएम ने तय की समयसीमा सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
राजकीय नलकूपों के जीर्णोद्धार और वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण में तेजी लाने के निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
जिले में किसानों को समय से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें नहरों की सिल्ट सफाई, सिंचाई परियोजनाओं, राजकीय नलकूपों के जीर्णोद्धार और वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि नहरों की सिल्ट सफाई एवं स्क्रैपिंग कार्य शुरू करने की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार नवंबर के दूसरे सप्ताह से नहरों की सफाई शुरू कराकर 15 दिसंबर 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी संबंधित अधिकारी समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय की जाए।
नलकूपों के जीर्णोद्धार की भी हुई समीक्षा
बैठक में जनपद में संचालित एवं निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने राजकीय नलकूपों के जीर्णोद्धार तथा उनकी वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण से संबंधित कार्यों की अब तक की प्रगति और शेष कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए और परियोजनाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराया जाए।
किसानों को समय पर मिले सिंचाई का पानी
जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण सीधे किसानों के हितों से जुड़ा है। इसलिए नहरों की सफाई से लेकर नलकूपों के संचालन तक सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि किसानों को जरूरत के समय पर्याप्त पानी मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।




