साइबर अपराध और डीपफेक से निपटने के लिए पुलिस को तकनीकी रूप से सक्षम बनने की सलाह
कमजोर और वंचित वर्गों की शिकायतों को संवेदनशीलता से सुनें अधिकारी, जनता का विश्वास जीतना सबसे बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्ली/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 78वें नियमित भर्ती बैच (2025 बैच) के प्रशिक्षु अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने युवा अधिकारियों को बेहतर पुलिसिंग, जनसेवा, तकनीकी दक्षता और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के संबंध में महत्वपूर्ण संदेश दिया।
राष्ट्रपति ने कहा कि आम नागरिकों की नजर में पुलिस अधिकारी और सिपाही शासन-व्यवस्था के प्रमुख प्रतिनिधि होते हैं। पुलिस व्यवस्था बेहतर ढंग से काम करती है तो लोगों का शासन पर विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि आम जनता की शिकायतों को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुनना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
राष्ट्रपति ने विशेष रूप से सामाजिक और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की समस्याओं पर ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की आवाज अक्सर वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंच पाती। इसलिए पुलिस अधिकारियों को उनकी परेशानियों और आशंकाओं को दूर करने के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम करना चाहिए।
उन्होंने तेजी से बढ़ते साइबर अपराधों और डीपफेक तकनीक से पैदा हो रही चुनौतियों पर भी चिंता जताई। राष्ट्रपति ने कहा कि पुलिस को साइबर अपराधों के प्रति अपनी कार्यशैली और रणनीति में बदलाव करना होगा। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करने वाले अपराधियों से आगे रहने के लिए पुलिस बल को लगातार तकनीकी रूप से दक्ष बनाना जरूरी है।
राष्ट्रपति ने अधिकारियों को टीम भावना के साथ काम करने और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से भी सीखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कई बार कनिष्ठ कर्मचारी तकनीक के इस्तेमाल में वरिष्ठ अधिकारियों से अधिक दक्ष होते हैं। ऐसे में अधिकारियों को उनसे सीखने में संकोच नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को कानून और नियमों से अधिकार जरूर मिलते हैं, लेकिन समाज में वास्तविक सम्मान उनके कार्यों, व्यवहार और जीवन मूल्यों से मिलता है। पुलिस का उद्देश्य नागरिकों की सेवा करना होना चाहिए, न कि अधिकारों का प्रदर्शन करना।
राष्ट्रपति ने संगठित दुष्प्रचार और भ्रामक सूचनाओं से समाज में भय फैलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों का प्रभाव विशेष रूप से युवाओं और संवेदनशील वर्गों पर पड़ सकता है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए स्मार्ट पुलिसिंग और जनभागीदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है।




