पत्रकारों ने किया कार्यक्रम का बहिष्कार
कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों को मंच के सामने से हटाने पर बढ़ा आक्रोश
भाजपा आयोजनों में पत्रकारों की उपेक्षा का आरोप, राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ ने जताई चिंता
अयोध्या उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
अयोध्या। प्रभु श्रीराम की नगरी में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा-सेवा ज्योति यात्रा के दौरान पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी और अव्यवस्था को लेकर आक्रोश बढ़ गया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों को मंच के सामने से हटाए जाने और बैठने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं किए जाने का आरोप है। इससे नाराज पत्रकारों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।
पत्रकारों का आरोप है कि कार्यक्रम स्थल पर मीडिया के लिए पर्याप्त कुर्सियों की व्यवस्था नहीं थी, जबकि जिला कार्यसमिति के पदाधिकारी मंच के नजदीक सोफे पर बैठे थे। पत्रकारों को कवरेज के दौरान पीछे हटाए जाने से असहज स्थिति पैदा हुई। पत्रकारों ने इसे मीडिया की गरिमा और स्वतंत्र पत्रकारिता के प्रति आयोजकों की गंभीर लापरवाही बताया।
मामले को लेकर राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ ने चिंता जताते हुए कहा कि पत्रकार किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता नहीं होते। उनका दायित्व सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष की गतिविधियों को भी निष्पक्ष तरीके से जनता तक पहुंचाना है।
ऐसे में राजनीतिक और सामाजिक आयोजनों में पत्रकारों के लिए सम्मानजनक स्थान और कवरेज की उचित व्यवस्था होना जरूरी है।
राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में पत्रकारों को हुई असुविधा आयोजन में प्रेस के महत्व को पर्याप्त गंभीरता से नहीं लेने का मामला है।
राजनीतिक दलों, संगठनों और प्रशासन को पत्रकारों को कार्यकर्ता समझने के बजाय उनकी स्वतंत्र भूमिका और गरिमा का सम्मान करना चाहिए।
राष्ट्रीय महासचिव भानु प्रताप सिंह ने कहा कि कवरेज के दौरान पत्रकारों को सम्मानजनक स्थान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना आयोजकों की जिम्मेदारी है। किसी भी कार्यक्रम में पत्रकारों के साथ अव्यवस्था उचित नहीं है।
महासंघ पत्रकारों की गरिमा और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए आवाज उठता रहेगा
महासंघ की ओर से यह भी कहा गया कि राजनीतिक दलों के आयोजनों में पत्रकारों के लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। संगठन ने पत्रकारों से ऐसे आयोजनों में अपनी गरिमा और सम्मान के सवाल को गंभीरता से उठाने की अपील की है। साथ ही, भाजपा के कार्यक्रमों में पत्रकारों की व्यवस्था को लेकर असंतोष जताते हुए बहिष्कार की अपील भी की गई है।
हालांकि, कार्यक्रम आयोजकों की ओर से पत्रकारों के आरोपों पर तत्काल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




