एसपी ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ की बैठक संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर
लंबित विवेचनाओं को समय से निस्तारित करने और वांछितों की गिरफ्तारी के निर्देश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश के जनपद सुलतानपुर आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन, नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बुधवार को समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान जनपद में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था हर हाल में बनी रहनी चाहिए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखने के साथ ही क्षेत्र में लगातार भ्रमण और प्रभावी पुलिसिंग बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि त्योहारों के दौरान छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेते हुए समय रहते उसका निस्तारण किया जाए, ताकि किसी भी स्थिति में माहौल खराब न होने पाए।
अपराध नियंत्रण पर भी हुई समीक्षा
बैठक के दौरान एसपी ने लंबित विवेचनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से विवेचनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने, प्रमुख स्थानों एवं संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने तथा त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।




